अनशन टला, 27 मार्च तक एनओसी देने का बी डी ओ ने दिया आश्वासन
कट्ठार में विवाह मंडप निर्माण को लेकर मिली राहत

बक्सर। सिमरी प्रखंड कार्यालय में सोमवार को कट्ठार पंचायत के मुखिया अशोक धोबी द्वारा प्रस्तावित आमरण अनशन टल गया। विवाह मंडप निर्माण के लिए अंचलाधिकारी द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिलने से नाराज मुखिया ने ग्रामीणों के साथ अनशन पर बैठने की अनुमति प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से ली थी।
हालांकि, स्थिति उस समय सकारात्मक मोड़ पर आ गई जब बीडीओ प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में मुखिया शिष्टमंडल के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद प्रशासन की ओर से 27 मार्च तक विवाह मंडप निर्माण की अनुमति देने पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। इस आश्वासन के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और अनशन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
बैठक में पैगंबरपुर पंचायत के मुखिया वीरेंद्र पाठक, ऐकौना पंचायत के मुखिया अशोक राय, गायघाट पंचायत के मुखिया दिनेश राय तथा बलिहार पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अंगद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में कट्ठार पंचायत के मुखिया ने अपने लेटर पैड पर सहमति पत्र तैयार कर बीडीओ को सौंपा।
मुखिया अशोक धोबी ने बताया कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे और 25 मार्च को मुख्यमंत्री के संभावित आगमन कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।




