Uncategorized

आईईएसएम बक्सर बैठक में पहुंचे विधायक आनंद मिश्रा, सैनिकों से संवाद

पूर्व सैनिकों की 50 डिसमिल जमीन की मांग को सदन में उठाने पर आभार, ईसीएचएस समस्याओं के समाधान का भी मिला भरोसा

बक्सर। पूर्व सैनिकों के संगठन आईईएसएम (इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट) बक्सर की मासिक बैठक रविवार को सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय तथा जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर सदर विधायक व पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने बैठक में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक आनंद मिश्रा को अंगवस्त्र, मोमेंटो और फूल-माला देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भारत माता की जय और आनंद मिश्रा जिंदाबाद के नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने सैनिकों की 20 वर्षों से लंबित 50 डिसमिल जमीन की मांग को विधानसभा में उठाने के लिए विधायक आनंद मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक मांग है, जिसे पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने गंभीरता से सदन में उठाया है।
जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने बताया कि पूर्व सैनिक लंबे समय से इस मांग को उठाते रहे हैं, लेकिन विधायक आनंद मिश्रा ने इसे प्रमाण सहित सामने लाकर इसे मजबूती प्रदान की है।
इस अवसर पर विधायक आनंद मिश्रा ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सिर्फ विधानसभा में ही नहीं बल्कि धरातल पर भी पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार से जमीन उपलब्ध नहीं हो पाती है तो वैकल्पिक व्यवस्था कर जमीन दिलाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से पांच अन्य प्रमुख मांगों का चयन कर शीघ्र समाधान के लिए प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
बैठक में ईसीएचएस से जुड़ी समस्याओं पर भी सैनिकों ने नाराजगी जताई, जिस पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 20 पूर्व सैनिकों ने आईईएसएम बक्सर की सदस्यता भी ग्रहण की।
अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने बैठक की समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button