इकरा डिजायर स्कूल का मनाया गया भव्य वार्षिकोत्सव
विद्यालय के नन्हे मुन्ने कलाकारों ने बिखेरे जलवा खूब लूटी वाहवाही

बक्सर जिले के इकरा डिजायर इंग्लिश स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महाराज शिवांग विजय सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने भक्ति, देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने नृत्य और नाटक के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से देशभक्ति गीत पर प्रस्तुत समूह नृत्य और सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक ने उपस्थित समाजसेवियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हजारों की संख्या में मौजूद अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जोरदार तालियों से उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद इमरान ने कहा, “सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उनमें आत्मविश्वास, मंच कौशल और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। हमारा उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का भी संचार करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव ने यह साबित कर दिया कि इकरा डिजायर इंग्लिश स्कूल न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मौके पर बलिहार पंचायत के मुखिया धर्मराज चौरसिया भाजपा नेता भारत मिश्रा जिला पार्षद प्रतिनिधि सुनील सिंह, पंचायत समिति सदस्य डीएन सिंह शकील अख्तर संहिता अन्य दर्जनों नेता और समाज सेवी मौजूद रहे।




