ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम. एसपी के ने किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोमवार को प्रखण्ड परिसर,

बक्सर स्थित ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक, बक्सर श्री शुभम आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह निरीक्षण माह दिसंबर 2025 के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति का भी परीक्षण किया गया, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उप निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा और रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है, क्योंकि यह निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ विषय है।
इस अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमण्डल, बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट), इंडियन नेशनल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), सीपीआई (एमएल) लिबरेशन, आम आदमी पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड) एवं राष्ट्रीय लोक समता पार्टी शामिल थे। निरीक्षण प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई।




