उप मुखिया पर जानलेवा हमला, 42 हजार रुपये की लूट
मुखिया सहित तीन नामजद,तीन चार,अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में उप मुखिया पर जानलेवा हमले और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पड़री पंचायत के उप मुखिया दिनेश कुमार तिवारी ने थाने में लिखित आवेदन देकर मुखिया समेत छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आवेदन के अनुसार, 10 फरवरी 2026 की शाम करीब 4:50 बजे दिनेश कुमार तिवारी पटना से लौटकर डुमरांव स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वे अपने पड़ोसी सत्य हरिश्चंद्र तिवारी के साथ बाइक से नया भोजपुर–बड़का सिंहनपुरा चुन्नीडाढ़ मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। चुन्नीडाढ़ और गायघाट काली मंदिर के बीच दो बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया। नामजद आरोपियों में पड़री पंचायत के मुखिया दीपनारायण सिंह, उनके पुत्र मोनू कुमार सिंह तथा रवि कुमार सिंह शामिल हैं।
पीड़ित का आरोप है कि मुखिया ने अपने पुत्र और अन्य साथियों को ललकारते हुए जान से मारने की बात कही। इसी दौरान मोनू कुमार सिंह ने लोहे के धारदार रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद रवि कुमार सिंह ने उनका गला दबाया और मुखिया ने जेब से एलआईसी की किस्त के रूप में रखे 42 हजार रुपये छीन लिए। घटना में लगभग तीन- चार अज्ञात लोगों की संलिप्तता भी बताई गई है।
गंभीर रूप से घायल उपमुखिया को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी, फिर सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया। सिटी स्कैन में सिर फटने और खोपड़ी की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। हालत नाजुक होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर BHU वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज जारी है।
पीड़ित ने पूर्व में भी 2022 और 2024 में आरोपियों के खिलाफ सनहा और कांड दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




