कदाचारमुक्त मैट्रिक परीक्षा हेतु प्रशासन पूरी तरह तैयार
25 हजार से अधिक परीक्षार्थी, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू

बक्सर जिला में वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर ली है। 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 25,489 परीक्षार्थी दो पालियों में शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित होगी।
जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों और दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग देते हुए सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कदाचार, इम्परसोनेशन या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में 61 स्टैटिक दंडाधिकारी, 17 गश्ती दल दंडाधिकारी, 6 जोनल तथा 4 सुपर जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों की दो स्तर पर सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, व्हाइटनर एवं इरेजर लाना सख्त मना है। परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटा पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर में स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस एवं चिकित्सक टीम की भी विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी।




