केशोपुर विद्यालय में सिमरी स्कूल का प्रेरणादायी शैक्षणिक भ्रमण
अनुभव साझा, कौशल विकास और एनसीसी उपलब्धियों से बढ़ा उत्साह

बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय केशोपुर में शैक्षणिक आदान-प्रदान एवं कौशल विकास के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरी के छात्र एवं शिक्षक अवलोकनार्थ केशोपुर विद्यालय पहुंचे। विद्यालय आगमन पर प्रधानाध्यापक श्री विजय प्रकाश दुबे सहित शिक्षकों एवं छात्रों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। आगंतुक शिक्षकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों विद्यालयों के छात्रों एवं शिक्षकों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा नवाचारों को लेकर व्यापक अनुभव साझा किए गए। अवलोकन के क्रम में सिमरी विद्यालय के छात्रों ने केशोपुर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और सकारात्मक परंपराओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों की संयुक्त सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता केशोपुर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री विजय प्रकाश दुबे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरी की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षक अनिल कुमार द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके उपरांत छात्र सत्यम चौबे ने बक्सर का गुणगान करता हुआ संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित सभी छात्रों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरी के वे दो एनसीसी कैडेट रहे, जिन्होंने नागालैंड कैंप में भाग लेकर पूरे बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। कैडेट सूरज कुमार दुबे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विद्यालय सौभाग्यशाली है, क्योंकि जिले के मात्र कुछ ही विद्यालयों में एनसीसी की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर से लेकर बटालियन, गया ग्रुप एवं अंततः डायरेक्टरेट बिहार–झारखंड के माध्यम से चयन के पश्चात उन्हें नागालैंड कैंप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। कैंप में देश के विभिन्न राज्यों के कैडेट्स ने भाग लिया, जहां सांस्कृतिक एवं भाषाई आदान-प्रदान के साथ “मिनी इंडिया” का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए शिक्षक अवधेश राय ने परिश्रम, संघर्ष और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रेरणादायी काव्य पंक्तियों के माध्यम से छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
भ्रमण के क्रम में छात्रों ने बक्सर के प्रसिद्ध वॉटर पावर प्लांट का अवलोकन किया तथा गंगा तटबंध पहुंचकर गंगा की लहरों का आनंद लिया। नौका विहार के दौरान छात्रों का उत्साह चरम पर रहा और शिक्षकगण भी इस अनुभव से आह्लादित नजर आए। कार्यक्रम में सुप्रिया पाठक, राजेश कुमार, अशोक पाल, विनोद कुमार, संदीप कुमार ओझा, मनीष कुमार, पवन कुमार, राजेंद्र सिंह, सोनल कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।




