खाली ऑटो पलटने से चालक की दर्दनाक मौत
सिमरी में सड़क किनारे खाई में गिरी गाड़ी, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ए एस एम प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशा पडरी पंचायत के बिंद डेरा गांव निवासी अनिल नट (40 वर्ष), पिता कमल नट के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल नट बलिहार गांव की ओर से अपनी खाली ऑटो लेकर सिमरी होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लगभग दो बजे अचानक उनकी ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिमरी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उन्हें , मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।




