चैती छठ पर्व को लेकर डीएम ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। छठ घाटों एवं मार्गों की साफ सफाई, घाटों की बेरीकेडिंग, घाटों के किनारे रोशनी की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय बक्सर जिला को निदेशित किया गया।

ताजा समाचार बक्सर जिले से है जहां गुरुवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने जिले के अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ चैती छठ महापर्व की तैयारी को लेकर छठ घाट का निरीक्षण किया जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार राज्य में चैत्र मास में भी छठ पर्व उत्साह, उल्लास तथा अत्यन्त श्रद्धा भाव से हिन्दू धर्मावलंबियों के द्वारा मनाया जाता है। बक्सर जिले में भी यह पर्व पूरे श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया जाता है। छठ पर्व खरना से लेकर सुबह के अर्घ्य तक लगभग तीन दिनों का होता है।
जाने किस दिन और किस तारीख को है चैती छठ पूजा
इस वर्ष चैत्र (चैती) छठ पर्व दिनांक 01.04.2025 (मंगलवार) को नहाय खाय से प्रारंभ होगा। दिनांक 02.04.2025 (बुधवार) को खरना। दिनांक 03.04.2025 (गुरुवार) की संध्या में प्रथम अर्घ्य दिनांक 04.04.2025 (शुक्रवार) के प्रातः अन्तिम अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।
चैती छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालु दिनांक 03.04.2025 एवं 04.04.2025 को गंगा नदी के विभिन्न घाटों एवं अन्य जल निकायों में निर्मित घाटों पर सूर्य को अर्घ्य देंगे।
चैती छठ पर्व के अवसर पर अनुमंडल बक्सर सदर में रामरेखा घाट, सोमेश्वर घाट, नाथ बाबा घाट, सारिमपुर घाट सती घाट, गोला घाट, अहिरौली घाट उमरपुर घाट, महादेवा घाट, चौसा बाजार घाट तथा अनुमंडल डुमरांव में छठिया पोखर, मुरार पोखरा, बिहार घाट नैनीजोर, बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर के पोखर में अर्घ्य दिया जाता है।
जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। छठ घाटों एवं मार्गों की साफ सफाई, घाटों की बेरीकेडिंग, घाटों के किनारे रोशनी की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय बक्सर जिला को निदेशित किया गया।
कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य प्रमंडल को घाटों पर जाने वाले पहुंच पथ का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराने हेतु निदेशित किया गया।
पटाखे की बिक्री और खतरनाक गंगा नदी घाट पर प्रतिबंध
सभी अंचलाधिकारी को खतरनाक घाटों की पहचान, घाटों पर पटाखे की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध, निजी नावों के परिचालन पर रोक, नाव नाविक एवं गोताखोर की प्रतिनियुक्ति हेतु निदेशित किया गया।
विधि व्यवस्था संधारित करने हेतु विभिन्न छठ घाटों पर एवं मार्गों में तक दण्डाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी / पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी बक्सर जिलेवासियों को आगामी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।




