Uncategorized

जन सुनवाई में डीएम ने सुनीं 24 शिकायतें

सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत त्वरित समाधान का आश्वासन

बक्सर, 09 फरवरी 2026। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जन सुनवाई आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 24 आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

जन सुनवाई के दौरान लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, सड़क निर्माण, जल निकासी तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी समस्याओं को रखा। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवेदनों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।

श्रीमती साहिला ने कहा कि जन सुनवाई का उद्देश्य आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग कर कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराएं।

जिला प्रशासन ने दोहराया कि जन सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button