जमीन विवाद में जानलेवा हमला, सोने की चैन लूटा
लाठी-डंडों से पिटाई, गंभीर घायल बक्सर रेफर

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरी खैरापट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित शिव विलास राय (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामजस राय, ने सिमरी थाना में लिखित आवेदन देकर पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, शिव विलास राय ने वर्ष 2024 में सिमरी खैरा पट्टी निवासी चिरकुट पाण्डेय से 12 कठ्ठा जमीन रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी । और तब से उक्त जमीन पर उनका कब्जा कायम है। पीड़ित का कहना है कि 11 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7 बजे उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उनकी जमीन पर कुछ लोग तार से घेराबंदी कर रहे हैं। उस समय वे एक शादी समारोह में थे। सूचना मिलने के बाद वे अपने भाई जगनारायण राय के साथ रात करीब 9 बजे मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बिजली की रोशनी में पांच-छह लोग लाठी-डंडे से लैस खड़े हैं और घेराबंदी कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोप है कि तेज नारायण पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, विवेक पाण्डेय उर्फ बड़क, दयानंद पाण्डेय उर्फ छोटू और जय गोविंद पाण्डेय ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार सभी ने मिलकर उन्हें चारों ओर से घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में उनका हाथ, पैर और दाहिने हाथ की एक अंगुली टूट गई तथा सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हल्ला-गुल्ला सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पॉकेट से 20 हजार रुपये नकद और गले से लगभग एक लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी छीन ली। इलाजरत रहने के कारण वे तत्काल थाना नहीं पहुंच सके और 14 फरवरी 2026 को आवेदन दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



