Uncategorized

जयमाल के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, अफरा-तफरी

एकतरफा प्रेम में युवक ने की सनसनीखेज वारदात

बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाल कार्यक्रम के बीच एक युवक ने मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। खुशियों का माहौल पलभर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुलेमनपुर से आई बारात के बीच जयमाल की रस्म चल रही थी। इसी दौरान अचानक एक युवक मंच पर पहुंचा और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष) को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल दुल्हन ने बताया कि आरोपित उसका पड़ोसी है और एकतरफा प्रेम करता था। परिजनों के अनुसार, युवक पहले भी उसे परेशान करता था।
मामले में पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे प्रेम-प्रसंग से जुड़ी घटना बताया है। पुलिस टीम आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button