ट्रक में लदे 50 लाख के सामान बरामद,, लुटेरे गिरफ्तार
448 घंटे में पुलिस ने किया बड़ी लूट का पर्दाफाश

बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक सामान से लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा महज 48 घंटे में कर डुमरांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डुमरांव पुलिस ने लूट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया ट्रक और पूरा सामान सकुशल बरामद कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने बताया कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। दलसागर टोल प्लाजा की फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो की पहचान होने के बाद दबिश तेज की गई। गिरफ्तार आरोपियों में बलिहार निवासी विशाल सिंह, रामदतही के गुप्तेश्वर पासवान और शाहपुर के भरैली निवासी उत्तम मिश्रा शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया गया है, जबकि वाहन स्वामी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
बताया गया कि ट्रक चालक भोला गोंड 17 फरवरी को गाजियाबाद से माल लेकर चला था। 19 फरवरी की रात ढकाइच गांव के पास खड़े ट्रक को बदमाशों ने खलासी को बंधक बनाकर लूट लिया। होश आने पर खलासी ने सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई।
करीब 50 लाख के माल और ट्रक सहित कुल 80 लाख की बरामदगी से ट्रांसपोर्ट कंपनी को बड़ी क्षति से बचा लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। विडियो




