डुमरांव में गूंजा उस्ताद बिस्मिल्ला खां महोत्सव का सुर
स्थानीय व राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुति से सजी सांस्कृतिक संध्या

बक्सर। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को डुमरांव स्थित राज +2 उच्च विद्यालय परिसर में उस्ताद बिस्मिल्ला खां महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि उस्ताद बिस्मिल्ला खां का जन्म डुमरांव की पावन धरती पर हुआ था और उन्होंने अपनी शहनाई की मधुर धुन से विश्वभर में भारत की सांगीतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि बिस्मिल्ला खां ने बनारस घराने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शहनाई वादन को विशिष्ट पहचान दिलाई। उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण, पद्म विभूषण तथा वर्ष 2001 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
महोत्सव में स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सुमन कुमारी, अमित कुमार, अभिषेक कुमार, ऐश्वर्या कुमारी, शिवपुर्णा पाण्डेय, ओमकार दूबे, ज्योति कुमारी एवं ब्रजेश चौबे ने गायन प्रस्तुत किया, वहीं मनोज मोहित ने नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। शुभम कुमार के समूह गायन ने भी समा बांध दिया।
मुख्य आकर्षण के रूप में सूफी बॉलीवुड गायक राकेश राज शानू, शबरी ब्रदर्स जयपुर घराना एवं उस्ताद बिस्मिल्ला खां घराना के कलाकारों ने शहनाई वादन से पूरे माहौल को सुरमयी बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। वीडियो




