नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर बक्सर में शपथ ग्रहण
युवाओं से जुड़ने की अपील

बक्सर, 18 नवंबर 2025।
समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आज जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर नशीले पदार्थों के विरुद्ध शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने की।
युवाओं को जोड़ना अभियान की प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा किसी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं, इसलिए समाज को नशा मुक्त बनाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
ऑनलाइन भी ले सकते हैं शपथ
डीएम ने बताया कि नशा मुक्ति से संबंधित शपथ अब ऑनलाइन भी उपलब्ध है। लोग क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे शपथ ले सकते हैं और प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ लेने की अपील की, ताकि नशा मुक्त समाज के निर्माण को गति मिल सके।
नशा—व्यक्तिगत ही नहीं, सामाजिक समस्या
अपने संबोधन में डीएम ने स्पष्ट किया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि परिवार, समाज और देश की प्रगति को भी प्रभावित करता है। इसलिए जागरूकता और जनभागीदारी से ही इस समस्या का समाधान संभव है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं समाहरणालय के कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त समाज निर्माण हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की।




