बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र के उप भोगताओं के लिए आवश्यक सूचना
डुमरांव ग्रिड में अपग्रेडेशन, बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित 18-19 फरवरी को तीन फीडर छह घंटे रहेंगे बंद

डुमरांव स्थित 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र में 80 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति शुरू करने की तैयारी को लेकर दो दिनों तक आंशिक बिजली बाधित रहेगी। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार 18 फरवरी 2026 तथा 19 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित उपकरणों की क्षमता वृद्धि का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान ग्रिड उपकेंद्र डुमरांव से जुड़े 33 केवी के तीन प्रमुख फीडर—सिमरी, प्रतापसागर तथा बीएमपी-4—की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में छह घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
संचरण अवर प्रमंडल डुमरांव के सहायक कार्यपालक अभियंता कुमार अभिषेक ने बताया कि नए 80 एमवीए ट्रांसफार्मर के माध्यम से भविष्य में बेहतर एवं स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। क्षमता वृद्धि कार्य पूर्ण होने के बाद ओवरलोड की समस्या में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलने में सहूलियत होगी।
विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने आवश्यक कार्य निपटा लें तथा बिजली उपकरणों का समुचित प्रबंधन करें। विभाग ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपेक्षा की है।




