बक्सर में आईईएसएम द्वारा डॉक्टरों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित
पूर्व सैनिकों की सुविधा हेतु नियुक्त डॉक्टरों को सम्मानित किया

बक्सर। बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर इकाई द्वारा मंगलवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव नियुक्त डॉक्टरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने की।
ईसीएचएस बक्सर परिसर में आयोजित इस समारोह में डॉक्टर पल्वी चौबे एवं डॉक्टर मनीषा मेहता को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
ज्ञात हो कि 19 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक ईसीएचएस बक्सर में एक भी डॉक्टर कार्यरत नहीं था, जिससे पूर्व सैनिकों को दवा और रेफरल जैसी सुविधाओं में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आईईएसएम जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने सेवानिवृत्त जनरल शशांक शेखर मिश्रा को पत्र लिखा। उनके हस्तक्षेप के बाद दानापुर सब एरिया और संबंधित अधिकारियों के सहयोग से दोनों डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित हो सकी।
कार्यक्रम के दौरान ओआईसी ईसीएचएस बक्सर कर्नल डी.एन. सिंह ने सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का भरोसा दिलाया। वहीं, सम्मानित डॉक्टरों ने भी सभी सैनिकों को हर संभव सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मौजूद पूर्व सैनिकों ने “भारत माता की जय” और “सैनिक एकता जिंदाबाद” जैसे नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




