Uncategorized

बक्सर में आत्मा का दो दिवसीय किसान मेला

फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी में नवाचार, किसानों को सम्मान

बक्सर, 26 फरवरी। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) द्वारा बाजार समिति परिसर में दो दिवसीय किसान मेला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पारसनाथ तथा जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपर समाहर्ता ने कहा कि किसान मेला उन्नत खेती की तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों और सरकारी योजनाओं की जानकारी का सशक्त मंच है। जिला कृषि पदाधिकारी ने प्रगतिशील किसानों की सराहना करते हुए इसे नवाचार को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया।
मेले में फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जिसमें सब्जी, मशरूम, फल, अनाज व फूल संवर्ग के उत्कृष्ट किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। फार्मर रजिस्ट्री में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
25 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से कृषि, उद्यान, मत्स्य, वन, मिट्टी जांच, कृषि यंत्रीकरण सहित विभिन्न विभागों ने आधुनिक खेती की जानकारी दी। जैविक खेती, मल्चिंग व पराली प्रबंधन के लाइव मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। मेले का समापन 27 फरवरी को पुरस्कार वितरण के साथ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button