बक्सर में एलपीजी आपूर्ति दुरुस्त, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
प्रधान सचिव की समीक्षा बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बक्सर, 01 अप्रैल 2026। समाहरणालय परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में एलपीजी एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव सह प्रभारी सचिव बक्सर, श्री मंयक वरवड़े ने की। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच सुनिश्चित करें और कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर भी चिंता जताई गई। प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी खबरों का तुरंत खंडन किया जाए और सतत निगरानी रखी जाए। जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें बक्सर और डुमरांव अनुमंडल शामिल हैं।
13 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच 90,034 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 4,541 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। हाल ही में दो रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए 24 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन द्वारा 24×7 नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।




