बक्सर में कदाचारमुक्त परीक्षा हेतु डीएम का निरीक्षण
बीबी हाई स्कूल व इंदिरा हाई स्कूल केंद्रों पर विधि-व्यवस्था का लिया जायजा

बक्सर, 17 फरवरी 2026। वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में श्रीमती साहिला, जिला दंडाधिकारी, बक्सर ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बी०बी० हाई स्कूल बक्सर तथा इंदिरा हाई स्कूल परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों को लगातार भ्रमणशील रहने और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ संचालित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।



