ब्रह्मपुर में सड़क निर्माण विवाद, दो पक्ष आमने-सामने
दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही गहन जांच

बक्सर। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर में सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए थाना में अलग-अलग आवेदन दिए गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के वादी धनंजय यादव ने 7 नामजद अभियुक्तों पर आरोप लगाया है कि बच्चा लाल यादव एवं उनके सहयोगियों ने सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालते हुए मजदूरों के साथ गाली-गलौज की और ट्रैक्टर से बनी सड़क को तोड़ दिया। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वहीं दूसरे पक्ष के वादी अजय कुमार यादव ने 4 नामजद एवं 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सरकारी योजना के तहत उनकी निजी भूमि पर जबरन सड़क निर्माण कराया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया और हथियार दिखाकर डराने का प्रयास किया गया। इस संबंध में उन्होंने एक वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा है।
पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। बक्सर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और शांति-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




