ब्रह्मपुर विधायक ने बाबा विश्वकर्मा की पूजा कर मांगी जीत की मन्नत
हजारों कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया, संकीर्तन कार्यक्रम से गूंजा पूरा क्षेत्र

विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा विश्वकर्मा जी सृजन और प्रगति के देवता हैं। उनकी कृपा से क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और तेज होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि जनता के समर्थन से वे लगातार ब्रह्मपुर विधानसभा के विकास को प्राथमिकता देते रहे हैं और आगे भी उसी तरह सेवा करेंगे।
पूजा-अर्चना के उपरांत आयोजित हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। संकीर्तन के मधुर स्वर और भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इसके बाद विधायक ने मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर राजद के ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष जेंदु यादव, चक्की प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र राम, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष अमीरी लाल यादव समेत सभी पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व स्थानीय गणमान्य उपस्थित थे। सभी का विधिवत सम्मान कर विधायक ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल दिया।
पूरे कार्यक्रम में जहां एक ओर आस्था का रंग झलका, वहीं दूसरी ओर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की सक्रियता और जोश भी साफ दिखाई दिया। भक्तिमय संकीर्तन और राजनीतिक संदेश के बीच यह आयोजन कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन का केंद्र बिंदु रहा।




