मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना : बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया योजना का शुभारंभ, लाभार्थियों के खातों में 10,000 रुपये की पहली किस्त का अंतरण शुरू

बक्सर, सिमरी।
बिहार राज्य की महिलाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की प्रत्येक परिवार की एक महिला को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपये की राशि बैंक खातों में अंतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने इस योजना को महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने वाला ठोस कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी बल्कि ग्रामीण और शहरी अर्थव्यवस्था को नई दिशा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार लंबे समय से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना इसका सशक्त उदाहरण है। इस योजना के अंतर्गत राज्यभर की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है ताकि वे छोटे-छोटे व्यवसाय, उद्योग या अन्य कार्य आरंभ कर सकें।
इसी क्रम में शुक्रवार को बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड परिसर में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। लाइव प्रसारण के दौरान लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस राशि से उन्हें स्वरोजगार की नई राह मिलेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन और प्रखंड अधिकारियों की अहम भूमिका रही। अधिकारीगणों ने बताया कि आने वाले दिनों में और अधिक महिलाओं के खातों में राशि अंतरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस प्रकार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना न केवल महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी बल्कि राज्य की आर्थिक उन्नति और सामाजिक विकास में भी इसका विशेष योगदान रहेगा।




