Uncategorized

रामनवमी पर बक्सर में निकली भव्य शोभा यात्रा जुलूस

घोड़े ऊंट संग गूंजे जय श्रीराम के नारे पूरे क्षेत्र

बक्सर। रामनवमी के पावन अवसर पर जिले के सभी प्रखंड क्षेत्र के साथ साथ सिमरी और बलिहार में भव्य शोभा यात्रा सह जुलूस समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में घोड़े, ऊंट और गाजे-बाजे के साथ भगवान श्रीराम एवं पवन पुत्र हनुमान की आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मस्थान परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात शोभा यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पूरे क्षेत्र में भ्रमण करती रही। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिनके हाथों में भगवा ध्वज लहरा रहा था।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं सिमरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद कुमार पांडेय,पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ियां और डायल 112 की टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय रही। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पुलिस निरीक्षक ओम प्रकाश कुमार, थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी, एसआई कुंदन सिंह, रामदास राय, डेरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, विगन गहलोत तथा मजिस्ट्रेट अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारियों द्वारा की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बलिहार और सिमरी की पूजा समितियों को विधिवत लाइसेंस जारी किया गया था और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button