रिश्वत लेते ब्रह्मपुर के प्रभारी बीईओ निगरानी के हत्थे
सर्विस बुक खोलने के बदले मांगी थी दस हजार घूस

बक्सर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर प्रखंड के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) एक्ता लकी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की गई, जिससे प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक्ता लकी वर्तमान में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थीं और साथ ही प्रभारी बीईओ का दायित्व भी संभाल रही थीं। आरोप है कि गाय घाट स्थित एक सरकारी विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक सुधीर पाठक की सर्विस बुक खोलने के एवज में वे लंबे समय से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रही थीं।
रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर शिक्षक ने निगरानी विभाग में इसकी शिकायत दर्ज कराई। निगरानी विभाग द्वारा मामले की प्राथमिक जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और पूर्व निर्धारित योजना के तहत रिश्वत लेते ही आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई निगरानी विभाग की डीएसपी रीता सिन्हा के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए ब्रह्मपुर स्थित एक निजी होटल में लेकर गई, जहां पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है।




