
ताजा समाचार बक्सर जिले के डुमरा अनुमंडल अंतर्गत नया भोजपुर ओपी थाना क्षेत्र से हैं। जहां पुलिस ने पुराना भोजपुर फ्लाईओवर के समीप से 435.6 लीटर विदेशी शराब की बरामदगी के साथ ही एक कार को जब्त किया है। पुलिस ने यह कारवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। जानकारी देते हुए एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी की एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब भरकर पटना से बक्सर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के निर्देशन में नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम कार के रेकी में जुट गई तभी पटना की तरफ से एक चार पहिया वाहन आती दिखाई दी।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा- – –
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस को देखकर कार चालक ने अपनी गति बढ़ा दी। रुकने का इशारा किया गया तो वह और तेज गति से भागने लगा जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा गया। तैनात टीम में पुलिस की एक वाहन नवाडेरा गेट के समीप भी खड़ी होकर तस्कर की रेकी कर रही थी। दोनों पुलिस वाहनों ने खदेड़कर वाहन को पकड़ना शुरू किया तभी शराब तस्कर बीच में ही वाहन को छोड़कर खेतों के सहारे भाग निकला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में शराब मिली। जब्त वाहन बीआर 01 ईएम 5340 के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मामले में विस्तृत पता लगाने की कोशिश की जा रही हैं।
एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी
ने बताया कि शराब तस्करों पर नकेल कसने की पूरी कवायद पुलिस द्वारा की जा रही है। बीते रविवार को नया भोजपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में करीब 500 लीटर अर्धनिर्मित शराब को विनष्ट किया गया था, वहीं अनुमंडल के अन्य कई थानों में भी कुल मिलाकर करीब 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब का विनष्टिकरण किया गया था। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब कारोबारियों के विरूद्ध अभियान लगातार चलाया जाता रहता है। उन्होंने बताया कि शराब कारोबारियों पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस अपने बयान पर कांड अंकित कर अनुसंधान कर रही है तथा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में पता लगा रही है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार, वकार अहमद गौसी, संजय शर्मा, अमृत लाल सहित अन्य कई मौजूद रहें।




