विश्वामित्र महोत्सव में अंतराज्य कलाकारों ने बिखेरा जलवा
महोत्सव में जिले के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भोजपुरी गायक भरत शर्मा तथा प्रसिद्ध लोक गायक विष्णु ओझा को स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर किया गया सम्मानित

बक्सर, 22 फरवरी 2026: कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में 21 फरवरी को किला मैदान, बक्सर में भव्य विश्वामित्र महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
महोत्सव में जिले के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भोजपुरी गायक भरत शर्मा तथा प्रसिद्ध लोक गायक विष्णु ओझा को स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वामित्र महोत्सव का उद्देश्य लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना तथा बिहार की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पवन कुमार ने गणेश वंदना, राहुल कुमार एवं समूह ने राम भजन, जूही कुमारी एवं सलोनी कुमारी ने नृत्य, भावना पांडे ने भजन, अनुराधा कुमारी ने नृत्य तथा अभिनंदन ओझा एवं नीरज मिश्रा ने भक्ति गीतों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य आकर्षण के रूप में स्पीड डांस ग्रुप कोलकाता, राधा सिन्हा डांस ग्रुप पटना, लोक गायिका माधव प्रिया शर्मा, झिंझिया लोक नृत्य दल तथा पार्श्व गायिका भाव्या पंडित की प्रस्तुतियों ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।




