शराब लदी डस्टर कार जप्त कारोबारी फरार
पुलिस ने महाराजा कोठी के समीप से एक चारपहिया में लदे 103.140 लीटर विदेशी शराब किया जब्त

ताजा समाचार बक्सर जिले के डुमरा अनुमंडल क्षेत्र से है जहां नया भोजपुर पुलिस ने महाराजा कोठी के समीप से एक चारपहिया में लदे 103.140 लीटर विदेशी शराब को जब्त किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर शराब तस्कर फरार हो गए। पुलिस को यह सफलता गुरुवार की अहले सुबह 4 बजे मिली है। नया भोजपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक उजले रंग की चारपहिया वाहन से शराब की खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और क्षेत्र में अपनी सक्रियता को बढ़ा दिया। सुबह चार बजे महाराजा कोठी के समीप पुलिस को एक रिनॉल्ट कंपनी का डस्टर वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही चालक ने अपनी चाल बढ़ा दी। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने नेतृत्व में गठित टीम ने वाहन का पीछा किया तभी कुछ दूर जाकर वाहन को खड़ा कर वाहन सवार खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने जब वाहन संख्या डीएल 8सी एक्स 8278 की तलाशी ली तो उसमें कुल 8 कार्टून 8 पीएम शराब बरामद की गई जिसकी धारिता 103.140 लीटर थी। पुलिस वाहन को जब्त कर थाने ले आई। इस मामले में पुलिस ने तस्करी में शामिल 3 अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शराब तस्करी को लेकर वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के आलोक में पुलिस सख्ती बरत रही है। किसी भी सूरत में शराब तस्करों और शराबियों को बख्शा नहीं जाएगा।




