
ताजा समाचार बिहार के बक्सर जिले से है जहां सीएम नीतीश कुमार ब्रह्मपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ ही मंदिर व तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जोरो शोरों कि तैयारियां की गई थी। मंदिर व तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का होने वाले उद्घाटन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए झारखंड हाईकोर्ट के जज डॉ. एसएन पाठक व डीएम अंशुल अग्रवाल ने सभी वरीय अधिकारियों के साथ मंदिर पहुंच निरीक्षण किया था। सीएम नीतीश कुमार हवाई अड्डे से सीधे देवकुली खेल मैदान में पहुंचे जहां उन्होंने बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद योजनाओं का उद्घाटन किया।
बता दें कि बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर सौंदर्यीकरण को लेकर नई कार्ययोजना बनाई गई थी। 8.74 करोड़ की लागत से बाबा ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर समेत आस पास का विकास किया गया है। इसको लेकर पर्यटन विभाग बिहार सरकार ने नींव रखी थी। लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग, बिहार सरकार ने यहां चहारदिवारी, शौचालय, चेजिंग रूम एवं भीड़ के नियंत्रण हेतु क्यू मैनेजमेंट, मंदिर से सटे पांच एकड़ के तालाब में घाट का निर्माण सहित अन्य कई विकास कार्यों का निर्माण कराया। भगवान शिव को समर्पित बाबा ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर, बक्सर जिला के ब्रह्मपुर अंचल में अवस्थित है। स्थानीय मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण स्वयं भगवान ब्रह्मा द्वारा किया गया था। जहां बिहार और यूपी के श्रद्धालुओं के बीच इस मंदिर की विशेष मान्यता है।
भाजपा के बक्सर सांसद अश्विनी चौबे ने क्या कहा –
मुख्यमंत्री के साथ भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे भी मौजूद रहें। अश्विनी चौबे से बिहार के सियासी भूचाल और भाजपा के जदयू के साथ आने के बारे में सवाल करने पर उन्होंने कहा कि जो राम चाहेंगे वही होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री को ब्रह्मपुर लेकर वहीं आए थे, अब भी वही आए हैं। हालांकि इससे पहले नीतीश पर सांसद को तीखा हमला करते हुए देखा जाता था, लेकिन अब कार्यक्रम में एक साथ उन्होंने सम्मिलित होकर राजनीतिक भूचाल बढ़ा दी है। अश्विनी चौबे ने कहा कि श्रीराम की कृपा से सब काम हो रहा है। वहीं कार्यकर्ताओं द्वारा बीजेपी जदयू जिंदाबाद के नारे लगाए गए।




