सदर अस्पताल में CCU निरीक्षण, गंभीर मरीजों को मिलेगी उन्नत सुविधा
जिला पदाधिकारी ने CCU को शीघ्र चालू करने व स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

बक्सर। जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने रविवार को सदर अस्पताल, बक्सर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में प्रस्तावित क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) की तैयारियों, अवसंरचनात्मक प्रगति तथा उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की गहन समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि CCU को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र क्रियाशील किया जाए, जिससे गंभीर एवं आपातकालीन रोगियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने CCU में आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप पावर की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ट्रायाज सिस्टम एवं रेफरल प्रोटोकॉल को मजबूत करने का निर्देश दिया, ताकि गंभीर मरीजों का समयबद्ध उपचार संभव हो सके। इसके अतिरिक्त मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा सूचना सहायता काउंटर को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा एम्बुलेंस सेवाओं के समन्वय को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सदर अस्पताल को जिले के प्रमुख रेफरल स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सहित अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




