सिमरी थाना में स्वच्छता संग वृक्षारोपण अभियान
पुलिस सप्ताह पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

बक्सर जिले के सिमरी थाना परिसर में बुधवार सुबह लगभग 8:00 बजे Bihar Police सप्ताह दिवस के अवसर पर स्वच्छता महाअभियान के तहत व्यापक साफ-सफाई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर को स्वच्छ बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वृक्षारोपण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल थाना परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाना था, बल्कि आमजन में भी पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने कहा, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। पेड़ हमें शुद्ध वायु, छाया और जीवनदायिनी ऊर्जा प्रदान करते हैं। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए आज से ही जागरूक होना आवश्यक है।” उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने परिसर में फैले प्लास्टिक व अन्य कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही ऐसे अभियान सफल हो सकते हैं।
मौके पर अपर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, एसआई काजल कुमारी, एसआई राखी कुमारी, एएसआई कुंदन सिंह, एएसआई श्याम देव यादव, सीटीसी रंजू कुमारी, चौकीदार संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, यादव पप्पू यादव, समाजसेवी सोनू द्विवेदी सहित अन्य थाना परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।




