सिमरी प्रखंड में आन-बान-शान से मना गणतंत्र दिवस उत्सव
सरकारी, गैरसरकारी संस्थानों और विद्यालयों में तिरंगा फहराया गया

बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे हर्षोल्लास, गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में निर्धारित समय पर तिरंगा झंडा फहराया गया। झंडोत्तोलन से पूर्व पुलिस के जवानों द्वारा गर्जना के साथ राष्ट्रीय ध्वज एवं अमर शहीदों को सलामी दी गई, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।
सिमरी प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी ने तिरंगा फहराया। पंचायत सरकार भवन सिमरी में मुखिया राजकुमारी देवी, सिमरी थाना परिसर में थाना अध्यक्ष ज्योति कुमारी, ग्राम कचहरी सिमरी में आरओ राहुल कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इसके साथ ही एल.आर.एस. स्कूल सिमरी, इकरा डिजायर सिमरी, होराइजन स्कूल सुंदरपुर मोड़, पड़री ज्ञानस्थली स्कूल सिमरी दूधी पट्टी सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति गीतों की धुन पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और नाट्य कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों व दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
झंडोत्तोलन के पश्चात राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हमें भारतीय संविधान में निहित मूल्यों पर चलते हुए महापुरुषों के सपनों को साकार करना है। विभिन्न जाति, धर्म और संप्रदायों के बावजूद भारत की अनेकता में एकता विश्व के लिए एक मिसाल है।




