Uncategorized

सिमरी में अटल स्मृति दिवस की तैयारी में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

25 अप्रैल को भव्य आयोजन, नेताओं संग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित

बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत संस्कृत प्राथमिक उच्च विद्यालय, सिमरी रामोपट्टी के प्रांगण में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत रत्न से सम्मानित देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्मृति दिवस को भव्य और ऐतिहासिक रूप में मनाने की रूपरेखा तैयार करना रहा।
बैठक में आगामी 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले स्मृति दिवस कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में निर्णय लिया कि यह आयोजन केवल औपचारिक न होकर जनभागीदारी के साथ भव्य, प्रेरणादायी और यादगार बनाया जाएगा। इस दौरान देश और प्रदेश स्तर के कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि कार्यक्रम को व्यापक पहचान मिल सके।
बैठक में यह भी विचार-विमर्श किया गया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाए, जिसमें देशभक्ति गीत, कविताएं और नाट्य मंचन के माध्यम से अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा सके। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक प्रखर राजनेता थे, बल्कि एक महान कवि, ओजस्वी वक्ता और राष्ट्रनायक भी थे, जिनकी विचारधारा आज भी प्रेरणा देती है।
बैठक में सभापति पांडे, श्रीमन नारायण पांडे, विनोद कुमार पांडे, तारकेश्वर पांडे, उदय नारायण पांडे, अमित पांडे, उमेश पांडे, विजय नारायण पांडे, अभय पांडे, प्रतीक पांडे, शाश्वत पांडे, देवेंद्र राय, गोपाल पांडे, राजेश्वर पांडे, अवधेश पांडे, नागेंद्र सिंह यादव, अशोक लाल, ललन राय, अरविंद कुमार पांडे, इंद्रजीत पांडे, संयम देव पांडे, नंदलेश पांडे, अशोक सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, रघुनाथ ओझा, सुशील मिश्रा, तेज नारायण कुमार, आशीष चौधरी सहित कई भाजपा नेता और समाजसेवी उपस्थित रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि अटल जी के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह स्मृति दिवस एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button