सिमरी में जल महोत्सव के तहत मनाया गया विश्व प्लंबर दिवस
हर घर नल का जल योजना की बेहतर जलापूर्ति पर प्रशिक्षण

बक्सर। जिले के सिमरी प्रखंड सभागार भवन में बुधवार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) द्वारा जल महोत्सव के तहत विश्व प्लंबर दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन के निर्देश पर “जल महोत्सव – गाँव का उत्सव, देश का महोत्सव” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। यह अभियान 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से प्रारंभ होकर 22 मार्च विश्व जल दिवस एवं बिहार दिवस तक चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने की। इस दौरान हर घर नल का जल निश्चय योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू और नियमित बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित प्लंबरों एवं पंप ऑपरेटरों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई, ताकि ग्रामीण इलाकों में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर कनीय अभियंता अनिता ने जलापूर्ति प्रणाली के रखरखाव, पाइपलाइन मरम्मत, पंप संचालन तथा तकनीकी सावधानियों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन और हर घर नल का जल योजना की सफलता में प्लंबर और पंप ऑपरेटरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में PHED के जिला समन्वयक मुकेश उपाध्याय, कनीय अभियंता शशिकांत हिमांशु, कनीय अभियंता राजा पासवान तथा वाटर एड इंडिया के जिला समन्वयक मनी शंकर सहित कई प्लंबर और पंप ऑपरेटर मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण और जल के समुचित उपयोग के प्रति सभी को जागरूक रहने का आह्वान किया गया।




