सिमरी में बड़ा हादसा टला, स्कूली मैजिक खाई में पलटी
ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चे सुरक्षित, जांच में जुटी पुलिस

सिमरी (बक्सर)।
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर काशी दास बाबा मंदिर के समीप शनिवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे नया भोजपुर स्थित माउंट एवरेस्ट स्कूल की मैजिक वाहन काजीपुर पंचायत पहुंची थी। वहां से गांव के स्कूली बच्चों को लेकर वाहन नया भोजपुर स्कूल के लिए रवाना हुई। इसी दौरान मंदिर के समीप अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए मैजिक वाहन के अंदर फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। काजीपुर पंचायत के मुखिया इम्तियाज अंसारी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी को चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक ने वाहन का स्टेयरिंग फेल होने की बात कही है। सूचना मिलने पर सिमरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना के पुलिस पदाधिकारी अर्जुन कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने तक चालक फरार था, जबकि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा वाहन की तकनीकी स्थिति और चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद अभिभावकों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन बच्चों के सुरक्षित होने से सभी ने राहत की सांस ली।




