Uncategorized

सी.सी.टीवी,कैमरा, बिजली तार चोरी, जांच में जुटी पुलिस

सरकारी लाइब्रेरी में चोरी का प्रयास, ताला तोड़ अज्ञात चोर फरार

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिहार पंचायत स्थित मध्य विद्यालय बड़का गांव में सरकार द्वारा संचालित लाइब्रेरी में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात लाइब्रेरी को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। इस संबंध में विद्यालय के शिक्षक कमलेश कुमार यादव द्वारा सिमरी थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात की बताई जा रही है। अज्ञात चोरों ने लाइब्रेरी के बरामदे में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर चोरी कर लिया। इसके अलावा लैब रूम के दरवाजे पर लगे पर्दे, बिजली के तार को काटकर भी चुरा लिया गया। चोरों ने लैब रूम का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन ताला पूरी तरह नहीं टूट पाया, जिससे वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके और उनके मंसूबे नाकाम हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। शिक्षक एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में सिमरी थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष अर्जुन कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अज्ञात चोरों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button