सोमवार शुक्रवार जनता से मिलेंगे अधिकारी शिकायतों का होगा समाधान
सात निश्चय तीन के तहत बक्सर में लागू निर्देश आदेश

बक्सर। बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से बक्सर जिला प्रशासन ने सभी सरकारी कार्यालयों में आमजनों से नियमित मुलाकात का निर्देश जारी किया है।
मुख्य सचिव, बिहार सरकार, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी आम नागरिकों से मिलेंगे और उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करेंगे।
निर्देश में कहा गया है कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से पदाधिकारी उपस्थित नहीं रहते हैं तो उनके द्वारा अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मुलाकात करेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारी सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में लोगों से मिलेंगे।
साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, शिकायत पंजी के संधारण एवं उसके सतत अनुश्रवण को भी अनिवार्य किया गया है। यह व्यवस्था 19 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।




