होराइजन ऐकेडमी स्कूल में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रंगारंग कार्यक्रम,
बच्चों ने बिखेरी राधा-कृष्ण की झलक

बक्सर। सिमरी प्रखंड के आशा पड़री पंचायत स्थित सुंदरपुर मोड़ पर संचालित होराइजन ऐकेडमी ऑफ़ एजुकेशन स्कूल में बुधवार को जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने छात्रों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की झांकियां, नृत्य-गीत और नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
बच्चों के रंग-बिरंगे परिधानों और भावपूर्ण अभिनय ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया मानो विद्यालय परिसर में स्वयं राधा-कृष्ण की लीला साकार हो उठी हो। मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन के भवेश तिवारी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने प्रस्तुति में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आयोजन में अभिभावकों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने बच्चों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेना था। अंत में सभी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भाईचारा, प्रेम और सद्भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।




