Uncategorized

होली के दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम एसपी ने की अधिकारियों के साथ विशेष बैठक

102 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल, नाव गश्ती भी

बक्सर, 27 फरवरी। होली पर्व 2026 के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। समाहरणालय स्थित नगर भवन में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 2 मार्च की अपराह्न से 4 मार्च तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहें।
प्रशासन की ओर से 102 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 31 गश्ती दल तथा 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। होलिका दहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, अग्निशमन वाहनों को तैयार स्थिति में रखने तथा लटकते विद्युत तारों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए साइबर थाना को अलर्ट मोड में रखा गया है। मद्य निषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु छापेमारी, मोटरसाइकिल गश्ती और नदी क्षेत्रों में नाव गश्ती कराई जाएगी। सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
किसी भी आकस्मिक स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष (06183-223333) पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button