अपराध

1500 रुपये के विवाद में किशोर की गला रेतकर हुई हत्‍या

खगड़िया में एक किशोर की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रांको गांव के विजया बहियार पोखर के समीप की है। मृतक अभिषेक तांती रांको गांव का ही रहने वाला था। शनिवार सुबह खेत का पटवन करने पहुंचे लोगों ने शव देखकर ग्रामीणों व पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने पोस्‍टमार्टम के लिए शव को सदर अस्‍पताल भेजा
बताया जा रहा है कि मात्र 1,500 रुपये के विवाद में 17 साल के किशोर अभिषेक की हत्या की गई है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष रतेश कुमार रतन घटना की सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरंभिक छानबीन के बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरंभिक तौर पर लेनदेन को लेकर हत्या की बात सामने आ रही है।
मृतक के स्वजन अभी सामान्य हालत में नहीं हैं। इस कारण उनका बयान नहीं लिया जा सका है। कुछ संदिग्ध युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के पिता बेचन तांती पोखर के समीप ही छोटी-मोटी दुकान चलाते हैं। उन्‍होंने बताया कि शुक्रवार शाम से ही उनका बेटा घर से लापता था। देर रात तक संपर्क न होने के बाद वह यह सोचकर सो गए कि शायद अभिषेक देर रात तक घर लौट आएगा। इसके बाद सुबह ही लाश मिलने की सूचना मिली।

बताया जा रहा है कि अभिषेक ने किसी से 1,500 रुपये उधार लिए थे। उस रकम को लौटाने को लेकर अपराधी कई बार धमकी दे चुके थे। अभिषेक के गले और शरीर पर जख्म के कई निशान हैं। घटना के बाद से मृतक के स्वजन दहशत में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button