Bihar News: बिहार म्यूजियम के सामने नशे में धुत युवक ने वृद्ध को रौंदा, पैर की हड्डियां टूटी; हालत गंभीर

शराब के नशे में धुत्त युवक ने तेज रफ्तार कार ने एक वृद्ध को रौंद डाला। घायल की हालत काफी गंभीर है। जानकारी के मुताबिक नेहरू पथ (बेली रोड) पर शुक्रवार रात शराब के नशे में धुत्त युवक ने तेज रफ्तार कार ने बिहार म्यूजियम के सामने यू-टर्न की स्लैब के बीच सोए वृद्ध को रौंद डाला। कार चालक इनकम टैक्स से जा रहा था। इस दौरान उसने बिहार म्यूजियम के सामने से बोरिंग रोड जाने के लिए यू-टर्न लिया। कार मोडऩे पर चालक की कार यू-टर्न के लिए बने तीन स्लैब को खिसकाती हुई आगे बढ़ गई। उसी स्लैब के बीच में वृद्ध भिखारी सोया था, जिसके पैर पर कार चढ़ गई। उसके पैर बुरी तरह जख्मी हो गए।
हड्डियां बाहर आ गई थीं। जोरदार टक्कर की आवाज और वृद्ध की चीखें सुनकर मार्ग से गुजर रहे राहगीर भी रूक गए। लोगों ने स्लैब के बीच में फंसे वृद्ध को लहूलुहान हालत में निकाला और निजी एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भेजा। चालक कार भगाने की फिराक में था, लेकिन गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई। इसके बाद राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर कार चालक को थाने लेकर गई।
उसके मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। हादसे के बाद लोगों ने चालक पंकज मिश्रा का पीट-पीटकर बुरा हाल कर दिया। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने ईट-पत्थर से कार को तोड़ डाला। कार के सभी शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को वहां से हटाया और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया।




