N.H–319A निर्माण की तैयारी पूर्ण, ट्रेंचिंग कार्य तेज़ी से जारी
अहिरौली समेत चार मौजों में ट्रेंचिंग पूर्ण, किसानों से सहयोग की अपील


बक्सर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग N.H–319A के निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सड़क निर्माण के प्रथम चरण में मिट्टी ट्रेंचिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अब तक अहिरौली, जासो, पाण्डेयपट्टी एवं रहसिचक मौजा में ट्रेंचिंग कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 4 किलोमीटर लंबाई में ट्रेंचिंग पूर्ण हो चुकी है, जबकि आगामी एक सप्ताह में लगभग 12 किलोमीटर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
धान की कटाई के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य भी समानांतर रूप से प्रगति पर है। प्रशासन ने संबंधित किसानों से अपील की है कि NH–319A हेतु अधिगृहित भूमि पर फसल की बुआई न करें, जिससे निर्माण कार्य निर्बाध रूप से पूरा हो सके।
वहीं, रैयतों से मुआवजा भुगतान हेतु आवश्यक कागजात शीघ्र भू–अर्जन कार्यालय, बक्सर में जमा करने का अनुरोध किया गया है। रैयतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मौजों में विशेष कैंपों का आयोजन भी किया जा रहा है।




