दिल्ली में आज पीएम मोदी का रोड शो, इन रास्तों से गुजरेंगे प्रधानमंत्री, बीजेपी के शक्ति प्रदर्शन से जुड़ी अहम बातें

2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी (National Executive) की बैठक आज (16 जनवरी) से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शुरू हो रही है. राजधानी में बैठक से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) बड़ा रोड शो होगा. प्रधानमंत्री मोदी पटेल चौक से संसद मार्ग तक रोड शो करेंगे.
पार्टी के कार्यक्रम में बदलाव से पहले मंगलवार को रोड शो की योजना बनाई गई थी. रोड शो को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी के कुछ हिस्सों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है जिसकी वजह से ट्रैफिक को सही बनाने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है.
गुजरात में भारी जीत के बाद पार्टी की यह पहली बड़ी बैठक है. इससे पहले बीजेपी ने अपने गृह राज्य गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी ने पांच घंटे से अधिक समय में 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाले मेगा रोड शो का नेतृत्व किया था. बीजेपी 16 जनवरी को दोपहर 3 बजे से पटेल चौक से संसद मार्ग-जय सिंह रोड जंक्शन तक संसद मार्ग पर जन भागीदारी के साथ एक रोड शो आयोजित कर रही है. दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, रोड शो मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी.
शाम पांच बजे तक बंद रहेंगे कुछ रास्ते
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार अशोक रोड (विंडसर प्लेस से जय सिंह रोड जीपीओ दोनों कैरिजवे), संसद मार्ग, टॉलस्टॉय रोड (जनपथ से संसद मार्ग), रफी मार्ग (रेल भवन से संसद मार्ग), जंतर मंतर रोड, इम्तियाज खान मार्ग और बंगला साहिब लेन 16 जनवरी को दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक बंद रहेगी.




