योगी के फुटबॉल और पेंडुलम वाले बयान के बाद सपा की तरफ से बयानबाजी चालू

सोमवार को मैनपुरी के करहल इलाके में एक चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिवपाल यादव की तुलना फुटबॉल और पेंडुलम से करने के बाद सपा की तरफ से लगातार बयानबाजी जारी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को जनसभा में कहा था कि मैं एक दिन बयान पढ़ रहा था चाचा शिवपाल का, उनकी स्थिति पेंडुलम जैसी हो गयी है. पिछली बार आपने देखा होगा कितना बेइज्जत करके भेजा, कुर्सी तक नहीं मिली, कुर्सी के हैंडल पर बैठना पड़ा था. उन्होंने सलाह दी, जीवन में कभी पेंडुलम नहीं बनना चाहिए, पेंडुलम का कोई मतलब नहीं होता है. वह (शिवपाल) फुटबॉल बन गये हैं, उन्हें फुटबॉल बनने से बचना होगा.
प्रगतिवादी समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर उनकी सुरक्षा कम करने को लेकर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी से यही ‘‘उम्मीद’’ थी और अब डिंपल यादव की जीत का अंतर (मैनपुरी उपचुनाव में) और बढ़ जाएगा. सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनके प्रतिनिधित्व वाली मैनपुरी सीट पर होने वाले उपचुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव इस सीट से पार्टी की उम्मीदवार हैं.
डिंपल के लिए प्रचार कर रहे शिवपाल यादव से जब उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा कम करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बीजेपी से इसकी उम्मीद थी और अब जनता और पार्टी के कार्यकर्ता मेरी सुरक्षा करेंगे. उन्होंने कहा कि डिंपल यादव की जीत का अंतर अब और बढ़ेगा. मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में पांच दिसंबर को मतदान और आठ दिसंबर को मतगणना होगी.




