डीएम साहिला की बैठक में लू से बचाव हेतु व्यापक निर्देश
बक्सर में हीट वेव से बचाव को लेकर जिला प्रशासन तैयार, सभी विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक

बक्सर। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों और शहरी तथा दियारा के लोगों को लू से बचाव को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर पियाऊ की व्यवस्था, खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत और जरूरतमंद इलाकों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में लू प्रभावित मरीजों के इलाज हेतु विशेष इंतजाम, पर्याप्त ओआरएस, आईवी फ्लूड, दवाइयां और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
विद्यालयों को सुबह की पाली में संचालित करने, बच्चों के लिए पेयजल और ओआरएस उपलब्ध कराने तथा जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश शिक्षा विभाग को दिया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, पंखा और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मजदूरों के कार्य समय में बदलाव कर सुबह और शाम के समय कार्य कराने, कार्यस्थलों पर छाया, पानी और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था, टैंकर से जल आपूर्ति और तालाबों में पानी संग्रहण पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और आमजन को “क्या करें, क्या न करें” के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया, ताकि लू से होने वाले खतरे को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।




