
बक्सर, 04 फरवरी 2026:
जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा विधि-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बक्सर ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया है। यह अभियान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों एवं सीमावर्ती इलाकों में नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर “रोको-टोको” अभियान के तहत शहर में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 फरवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 119 वाहनों पर शमन की कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 3,21,700 रुपये (तीन लाख इक्कीस हजार सात सौ रुपये) का दंड अधिरोपित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध कागजात, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा
“रफ्तार नहीं, समझदारी ज़रूरी”
“सीट बेल्ट बाँधो, जीवन बचाओ”




