सिमरी विद्यालय में संगोष्ठी संग मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश

बक्सर जिले के +2 उच्च विद्यालय, सिमरी में शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी सह मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के भूतपूर्व एवं प्रतिष्ठित शिक्षक श्री हरि नारायण राय तथा सिमरी पंचायत के मुखिया श्री प्रमोद पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा ओझा ने की, जबकि मंच संचालन श्री अवधेश राय द्वारा किया गया।
संगोष्ठी का मुख्य विषय “हर बच्चा श्रेष्ठ बच्चा” रखा गया, जिस पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि हरि नारायण राय ने कहा कि कोई भी बच्चा कमजोर नहीं होता, बल्कि प्रत्येक बच्चा तीव्र बुद्धि का होता है। अंतर केवल इतना है कि जो छात्र ध्यानपूर्वक सुनता और समझता है, वही आगे बढ़ता है। उनके वक्तव्य ने उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया।
मेधावी छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ओम प्रकाश कुमार ने कहा कि नियमित दिनचर्या बनाकर सभी विषयों पर समान रूप से ध्यान देने से ही उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं। शिवांश यादव ने एकाग्रता को सफलता की कुंजी बताया, जबकि इल्ताफ हुसैन ने समय और ईमानदारी से की गई मेहनत को लक्ष्य प्राप्ति का एकमात्र मार्ग बताया।
इस अवसर पर ओम प्रकाश कुमार को 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, इल्ताफ हुसैन को 94.4 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान तथा शिवांश यादव को 94.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह विद्यालय के भूतपूर्व छात्र एवं डॉ. होमी जहांगीर भाभा संस्थान में कार्यरत वैज्ञानिक श्री संतोष कुमार दुबे द्वारा आयोजित किया गया, जो विगत लगभग 12 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान को 3000 रुपये, द्वितीय को 2000 रुपये एवं तृतीय स्थान को 1000 रुपये के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में श्री संतोष दुबे के अनुज श्री मनोरंजन दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विद्यालय के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस विद्यालय का कोई भी बच्चा कलाम, कालिदास, तुलसीदास या प्रधानमंत्री बन सकता है। शिक्षक कुम्हार की तरह होता है, जो बच्चों को सही आकार देता है। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक संदेशों और तालियों की गूंज के साथ हुआ। मौके पर मुख्य अतिथि श्री हरिनारायण राय
तथा श्री प्रमोद पाण्डेय
प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा ओझा
अरुण कुमार तिवारी, अवधेश राय,राजेंद्र सिंह
मनीष कुमार ,अशोक पाल ,अनिल कुमार , बालाजी पाण्डेय, संदीप कुमार ओझा, कुमारी निरुपमा, अल्पना राय, संजय कुमार तिवारी, पूनम कुमारी, दिनेश कुमार तिवारी मौजूद रहे ।




