Bihar Nagar Nikay Chunav 2022 LIVE: पटना में राज्यपाल फागू चौहान ने किया मतदान, लोगों से की अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील

Bihar Nagar Nikay Chunav Second Phase Voting Update: बिहार नगर निकाय के दूसरे चरण के चुनाव में 68 नगरपालिका के लिए बुधवार सुबह आठ बजे से वोटिंग हो रही है। शुक्रवार 30 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मतगणना होगी। इस बार एक मतदाता अपने नगरपालिका क्षेत्र में मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के लिए तीन बार मतदान कर रहे हैं। इस चुनाव में पहली बार हर वोटर को सीधे अपने मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव का मौका दिया गया है। दूसरे चरण में राज्य के 23 जिलों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में 17 नगर निगम क्षेत्र, दो नगर परिषद क्षेत्र और 49 नगर पंचायतें शामिल हैं। इस चरण में 68 निकायों में 68 मुख्य वार्ड पार्षद, 68 उप मुख्य पार्षद और 1529 वार्ड पार्षद पद के लिए आज वोटिंग होगी।
नगर निकाय के दूसरे चरण में पटना में मतदान जारी है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने मध्य विद्यालय राजभवन आदर्श मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग मताधिकार का इस्तेमाल करें।




