कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेहट का दिन-दहाड़े मर्डर: सीकर में घर के बाहर गोलियों से भूना; वीडियो बनाने वाले को भी मारा
राजस्थान में गैंगवार

राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेहट का सीकर में आज सुबह गैंगवार में मर्डर हो गया। कोचिंग की ड्रेस में पहुंचे बदमाशों ने ठेहट को घंटी बुलाकर बाहर बुलाया और फायरिंग कर दी। ठेहट को 3 से ज्यादा गोली लगने की जानकारी है। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) उमेश मिश्रा ने बताया कि इस फायरिंग का एक बदमाश ने वीडियो भी बनाया। हत्या करके बदमाश अल्टो कार से भागे हैं।
मिश्रा ने बताया कि बदमाश पंजाब और हरियाणा बॉर्डर की तरफ जाएंगे। इन बदमाशों के पीछे राजस्थान पुलिस है पूरे प्रदेश भर में कड़ी सुरक्षा के आदेश दे दिए गए हैं। सभी एसएचओ को फील्ड में रहने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शहर के पिपराली रोड पर ठेहट का घर है। यहां हुई फायरिंग में नागौर के एक व्यक्ति की भी गोली लगने से मौत हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक फायरिंग का वीडियो बना रहा था। इसलिए आरोपियों ने उस पर भी फायरिंग कर दी।
इस एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में चारों बदमाश नजर आए हैं। जिसमें वे हथियारों के साथ भागते नजर आ रहे हैं। वहीं, फायरिंग की जानकारी मिलते ही सीकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप सहित बड़े पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और डीजीपी के निर्देश पर पूरे राज्य में नाकाबंदी की गई है। ठेहट की गैंग शेखावाटी में काफी सक्रिय थी और आनंदपाल गैंग से भी उसकी दुश्मनी थी। आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद भी दोनों गैंग में वर्चस्व की लड़ाई जारी थी।




