
डुमरांव (बक्सर)। अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी साहिला ने अस्पताल में संचालित डायलिसिस केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतने, उनकी जरूरतों का ध्यान रखने और उपचार के दौरान हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति में कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार लाने की हिदायत दी।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला पदाधिकारी ने डायलिसिस केंद्र में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता से करें, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
डायलिसिस केंद्र की नियमित निगरानी का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सिविल सर्जन, बक्सर को डायलिसिस केंद्र की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के साथ चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए, जिससे मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति में कमियां पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सिविल सर्जन को अस्पताल परिसर में नियमित और समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल भवन का आवश्यक रंग-रोगन कराने तथा उपलब्ध एवं नई चिकित्सा सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने को कहा। इससे अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन जवाबदेही के साथ करें। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और मरीजों को सुविधाजनक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।




